पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर 
उत्तर प्रदेश

हरदोई में बड़े भाई ने जलाई बाइक, छोटे भाई ने पेट्रोल छिड़ककर दी जान

पारिवारिक विवाद ने ली जान, पुलिस ने जांच शुरू की

हरदोई : हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के नरोईया गांव में शुक्रवार शाम बाइक ले जाने को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने कथित तौर पर आत्मदाह करके जान दे दी।

बड़े भाई ने गुस्से में बाइक में आग लगा दी थी, जिससे नाराज छोटे भाई ने कथित तौर पर स्वयं पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार नरोईया गांव निवासी गंगाराम की नरोईया पुलिया के पास परचून और मिठाई की दुकान है। पुलिस ने बताया कि गंगाराम के चार बेटों- शेरू, साजन, विकास और निखिल (18) में निखिल सबसे छोटा था। गंगाराम 20 मई को पूर्णागिरि तीर्थयात्रा पर गए थे। साजन और विकास बेंगलुरु में काम करते हैं, जबकि शेरू के साथ निखिल दुकान संभालता था।

पुलिस के मुताबिक निखिल शुक्रवार शाम करीब चार बजे दुकान पर बैठा था। तभी बड़ा भाई शेरू गांव वाले घर से बाइक लेकर दुकान पर आया। आरोप है कि वह नशे में था और बाइक पुवायां ले जाने की जिद करने लगा, निखिल ने पिता के मना करने की बात कहकर बाइक देने से इनकार कर दिया।

इस पर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई और निखिल के मना करने पर शेरू ने दुकान से पेट्रोल निकालकर बाइक पर छिड़क दिया और आग लगा दी, बाइक धू-धू कर जलने लगी। निखिल ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की तो शेरू ने उसे रोक दिया, गुस्से में निखिल ने शेरू के सिर पर पानी की बाल्टी मार दी।

इसके बाद निखिल दुकान से दो बोतल पेट्रोल लाया और बाइक के पास आकर कथित तौर पर अपने ऊपर उड़ेल लिया। आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसे तत्काल अतरौली सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संडीला के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संतोष सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में शेरू के शराब पिए होने की बात सामने आई है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

SCROLL FOR NEXT