AI generated image 
उत्तर प्रदेश

बस में आग लगने से 3 नेपाली यात्रियों की मौत, 24 गंभीर रूप से झुलसे

बलरामपुर में भीषण बस हादसा, आग में तीन नेपाली यात्रियों की मौत, 24 गंभीर रूप से घायल

Badrinath Shaw

बलरामपुर: बलरामपुर में एक बस के बिजली ट्रांसफार्मर से टकराने के बाद उसमें आग लगने से तीन नेपाली यात्रियों की मौत हो गयी तथा 24 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात करीब दो बजे सोनौली से दिल्ली जा रही नेपाली यात्रियों से भरी एक बस फुलवरिया बाईपास पर एक कंटेनर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकरायी। इससे बस में आग लग गई। इस घटना में तीन यात्रियों की झुलसकर मौत हो गयी।

कई घायलों की हालत गंभीर

उन्होंने बताया कि घटना में 24 अन्य यात्री भी झुलस गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से छह की गंभीर हालत के मद्देनजर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और 15 से अधिक लोगों को बस से निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

जांच जारी

उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा कुछ लोग मामूली तौर पर जख्मी थे उन्हें दिल्ली एवं नेपाल के लिए रवाना किया जा रहा है। हादसे में घायल लोगों को ले जाने के लिए वाहन एवं टिकट की व्यवस्था करा दी गई है।

जिला प्रशासन कर रहा है हरसंभव मदद

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन घायलों के परिवारों से संपर्क बनाए हुए है। उन्हें हरसंभव सहायता दी जा रही है। इस बीच, विद्युत विभाग ने एक बयान जारी कर कहा कि बस में आग बिजली के खंभे या ट्रांसफार्मर से टकराने की वजह से नहीं लगी है। संभवतः टक्कर के कारण बस के फ्यूल टैंक में आग लग गई जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई।

SCROLL FOR NEXT