होली पर्व 
उत्तर प्रदेश

वाराणसी में हर्षोल्लास से मनी होली : सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

वाराणसी : वाराणसी में होली पर्व पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। सहायक पुलिस आयुक्त अतुल अंजान त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि वाराणसी में होली के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 IPS अधिकारियों सहित 35 वरिष्ठ अफसरों और करीब 6000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। त्रिपाठी ने बताया कि CCTV कैमरा और नियंत्रण कक्ष से लगातार निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

सहायक पुलिस संयुक्त ने बताया कि नगर की संकरी गलियों में अश्व पुलिस बल की तैनाती की गयी है। होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंट करने अथवा हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही वाहनों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं और बिना हेलमेट और दो पहिया वाहन पर तीन सवारी पर भी कार्रवाई की जाएगी।

त्रिपाठी ने बताया कि होली पर घाटों पर होने वाले हुड़दंग को रोकने के लिए गंगा में नौका संचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि साथ ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और पुलिस की टीम गंगा में लगातार गश्त कर रही है और आदेश का उल्लंघन करने वाले नाविकों पर मामला दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी। त्रिपाठी ने बताया कि होली के बाद रात आठ बजे तक गंगा में नाव का संचालन किया जा सकता है।

SCROLL FOR NEXT