सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

दहेज हत्या : आरोपी सिपाही पति, सास और ससुर गिरफ्तार

दहेज प्रताड़ना के आरोप में परिवार के तीन सदस्य जेल भेजे गए

Santosh Sharma

बलिया : बलिया में विवाहिता की कथित दहेज हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी सिपाही पति, सास एवं ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ईराज राजा ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के करमौता पावर हाउस तिराहा से सोमवार को आरोपी पति अवनीन्द्र गुप्ता (33), सास किरन देवी (60) एवं ससुर इन्दु प्रकाश (63) को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस के अनुसार बलिया जिले में 22 वर्षीय विवाहिता का शव रविवार शाम उसके ससुराल में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने इस संबंध में उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया था कि सलोनी गुप्ता (22) का शव सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव स्थित उसके ससुराल में कमरे के अंदर छत के पंखे के हुक से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता सुखपुरा थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी विजय बहादुर गुप्ता की शिकायत पर उसके पति अवनीन्द्र गुप्ता, ससुर इंदु प्रकाश गुप्ता, सास किरण देवी, देवर मानवेंद्र गुप्ता और राहुल नामक एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(1) (दहेज हत्या) और 85 (महिला के पति या पति के रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के अनुसार, सलोनी की शादी चार दिसंबर 2025 को हुई थी। उसके परिवार ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले कथित तौर पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। एसपी ने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT