लखनऊ : कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ नीत उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि उसने पार्टी की लखनऊ में प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा यात्रा’ निकालने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस ने प्रस्तावित यात्रा को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। कांग्रेस ने कहा कि यदि पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसके नेता और कार्यकर्ता गिरफ्तारी देंगे।
कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर आयोजित ‘संविधान रक्षा’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। यहां पहुंचने के बाद वह बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने के लिए आंबेडकर महासभा परिसर जाएंगे। इसके बाद वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे।
गौतम ने दावा किया, हम प्रशासन की ओर से रखी गई सभी शर्तों का पालन करने के लिए तैयार थे, इसके बावजूद हमें अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यालय में ‘संविधान रक्षा’ कार्यक्रम के बाद खरगे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। पहले उन्हें प्रस्तावित यात्रा का नेतृत्व करना था, लेकिन अब पार्टी के अन्य नेता इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। यात्रा का समापन हजरतगंज स्थित आंबेडकर चौराहे पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगा।
गौतम ने कहा, खरगे देश के सबसे सम्मानित सांसदों में से एक हैं। जिस यात्रा का नेतृत्व उन्हें करना था, उसके लिए अनुमति नहीं देना सरकार की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हाल में लखनऊ में भाजपा नेता नितिन नवीन को कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति कैसे मिल गई। अनुमति के मुद्दे पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
कांग्रेस की ‘संविधान रक्षा यात्रा’ पार्टी की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह मतदाता सूची में कथित हेरफेर के खिलाफ अपना विरोध तेज करना चाहती है। कांग्रेस, भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में अग्रणी रही है। पार्टी का आरोप है कि ‘‘वोट चोरी’’ और मतदाता सूची में हेरफेर की गई है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की है।