CM योगी आदित्यनाथ 
उत्तर प्रदेश

CM योगी की चेतावनी : नशे के सौदागरों को तबाह करेगी सरकार

आदित्यनाथ ने कहा, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Santosh Sharma

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब प्रदेश सरकार नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए और योजना पर आधारित एक लघु फिल्म भी देखी।

योगी ने युवाओं से किसी भी तरह के नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के करियर से खिलवाड़ करने वालों के करियर को सरकार पूरी तरह तबाह कर देगी। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं के साथ टैबलेट हाथों में उठाकर सेल्फी भी ली।

विपक्ष को आंकड़ों के जरिए जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य में करीब पौने दस लाख सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

उन्होंने कहा कि आठ हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह और सैफई सिंडिकेट का दबदबा था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माने और संपत्ति जब्त करने जैसे कड़े प्रावधान किए गए हैं। अब योग्य उम्मीदवारों की भर्ती तेजी से हो रही है।

योगी ने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए थे। आईआईएम लखनऊ के एक अध्ययन के अनुसार, इसका लाभ तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन टैबलेट में इंफोसिस के 18 हजार से अधिक निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम और 'युवा साथी ऐप' उपलब्ध हैं। इस तरह ये टैबलेट युवाओं के लिए चलते-फिरते विश्वविद्यालय की तरह हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को इंटरनेट पर वायरल होने वाली सामग्री की सच्चाई जांचने और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रील देखने में 30 सेकंड बिताने के बजाय युवाओं को कौशल सीखने के लिए रोजाना तीन घंटे देने चाहिए।

उन्होंने युवाओं से टैबलेट के माध्यम से जनगणना-2027 के लिए स्वगणना करने और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत फॉर्म छह, सात और आठ भरने की भी अपील की।

SCROLL FOR NEXT