लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिजिटल और कृत्रिम मेधा (AI) साक्षरता पर जोर देते हुए सोमवार को कहा कि एआई और ‘डीप-टेक’ जैसी नये जमाने की प्रौद्योगिकियां शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती, उद्योग तथा रोजगार के क्षेत्र में नए मौके पैदा कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘योगी की पाती’ शीर्षक से की गई एक पोस्ट में कहा, शिक्षा सिर्फ बच्चों को पढ़ना-लिखना सिखाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऐसी समझ भी देनी चाहिए जो उनके जीवन को सही दिशा दे सके।
उन्होंने कहा, आज तकनीक तेजी से हमारे जीवन को बदल रही है। ऐसे में डिजिटल साक्षरता के साथ AI साक्षरता भी समय की आवश्यकता है। एआई, ‘डीप-टेक’ और उभरती प्रौद्योगिकी शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खोल रहे हैं। हमारी सरकार परंपरागत ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, तकनीक, नवाचार और कौशल से जोड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रौद्योगिकियों को अपनाने की दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ में एआई सिटी और कानपुर में ड्रोन एवं यूएवी तकनीक का विकसित होता पारिस्थितिकी तंत्र उत्तर प्रदेश के भविष्य की नयी संभावनाओं का आधार बन रहा है।
आदित्यनाथ ने कहा कि इसी दिशा में सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयी सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया है।
उन्होंने कहा, इन प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश के विद्यालयों में बच्चों के पढ़ाई छोड़ने की दर को न्यूनतम करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में संस्कार, जिज्ञासा, अनुशासन, आत्मविश्वास और दायित्वबोध जगाते हैं लेकिन साक्षरता का संकल्प समाज के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति अक्षर ज्ञान से वंचित है, तो उसे साक्षर बनाना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने आठ सितंबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि इस दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि हर बच्चा विद्यालय पहुंचे और हर विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो और हर नागरिक साक्षर होने के साथ-साथ डिजिटल ज्ञान व AI के प्रति जागरूक बने।