CM योगी आदित्यनाथ  
उत्तर प्रदेश

CM योगी का आह्वान : राष्ट्र निर्माण में योगदान दें युवा

आदित्यनाथ ने युवाओं से महापुरुषों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया

Santosh Sharma

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को युवाओं से भगवान बिरसा मुंडा, स्वामी विवेकानंद, महारानी लक्ष्मीबाई और चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि युवावस्था संकल्प, उत्साह और पराक्रम का समय है। इस उम्र में व्यक्ति के लिए कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

मुख्यमंत्री लखनऊ के बसंत कुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरण के दूसरे चरण की शुरुआत कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा राज्य।

उन्होंने कहा कि देश की 56 प्रतिशत आबादी युवा है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह आंकड़ा 56 से 60 प्रतिशत के बीच है। युवाओं के विश्वास और परिश्रम से ही प्रदेश में बदलाव दिखाई दे रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का उल्लेख करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने महज 25 वर्ष की उम्र में ब्रिटिश हुकूमत की चूलें हिला दी थीं और स्वाधीनता का शंखनाद किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर 2021 को कोविड महामारी के दौरान स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत की गई थी, जब पढ़ाई और परीक्षाएं प्रभावित थीं तथा सभी विद्यार्थियों के पास डिजिटल उपकरण उपलब्ध नहीं थे।

उन्होंने कहा कि सरकार ने दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा था, जिसके तहत पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। दूसरे चरण में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों से टैबलेट का इस्तेमाल पढ़ाई, डिजिटल पुस्तकालयों से जुड़ने और देश-दुनिया की जानकारी हासिल करने में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहले चरण में वितरित उपकरणों से विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षाओं में मदद मिली है और डिजिटल उद्यमिता को भी बढ़ावा मिला है।

युवाओं के ऐतिहासिक योगदान की चर्चा करते हुए आदित्यनाथ ने भगवान राम के संकल्प, भगवान कृष्ण के संदेश और महाभारत के 16 वर्षीय अभिमन्यु के पराक्रम का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध युवावस्था में संन्यासी बने, जबकि आदि शंकराचार्य ने महज 32 वर्ष के जीवन में देश के चारों कोनों में चार पीठों की स्थापना की।

उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में महारानी लक्ष्मीबाई, गुरु गोविंद सिंह और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के संघर्ष का भी उल्लेख किया।

आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां, ठाकुर रोशन सिंह और चंद्रशेखर आजाद को याद करते हुए कहा कि इन युवाओं ने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी सामर्थ्य पहचानने और महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT