जनता दर्शन 
उत्तर प्रदेश

CM योगी बोले- हर जरूरतमंद के साथ है सरकार

CM योगी ने आर्थिक सहायता, इलाज, आवास और अन्य जरूरतों के लिए समयबद्ध व पारदर्शी समाधान का भरोसा

Santosh Sharma

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते हुए भरोसा दिलाया कि आर्थिक सहायता, आवास या अन्य किसी भी जरूरत के मामले में सरकार हर पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति के साथ खड़ी है।

गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित प्रार्थना पत्रों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे उपचार का अनुमान (एस्टिमेट) तैयार कराएं और मरीज की देखभाल करें, जबकि इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दें। योगी ने कहा कि जरूरतमंदों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें इलाज के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आवास की मांग को लेकर पहुंचे फरियादियों को भी उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत लगातार पात्र लोगों को आवास उपलब्ध करा रही है।

जनता दर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़े मामलों में देरी की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आवास, शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया। CM ने कहा कि सभी शिकायतों का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक ढंग से किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी को भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, सरकार हर जरूरतमंद की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

SCROLL FOR NEXT