मां सावित्री देवी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो) 
उत्तर प्रदेश

CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया

Santosh Sharma

लखनऊ/देहरादून : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी का शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। वे 91 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से वृद्धावस्था संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के राजनीतिक तथा सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।

पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने सावित्री देवी के निधन की आधिकारिक पुष्टि की। एसएसपी पंवार ने जानकारी दी कि सावित्री देवी ने अपने पैतृक निवास पंचूर में अंतिम सांस ली। उन्होंने यह भी बताया कि दिवंगत सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को धार्मिक नगरी हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। अंतिम संस्कार और अन्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन लगातार परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं। हर आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस समाचार को 'अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक' बताया।

सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इसके साथ ही उन्होंने बाबा केदार से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत उनके सभी शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

गौरतलब है कि सावित्री देवी एक अत्यंत सरल, धार्मिक और सादगीपूर्ण जीवन व्यतीत करने वाली महिला थीं। अपने पुत्र योगी आदित्यनाथ के देश के सबसे बड़े राज्य का मुख्यमंत्री बनने के बावजूद वे हमेशा अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रहकर एक सामान्य जीवन जीती रहीं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा गणमान्य व्यक्ति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए गांव पहुंच रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT