अयोध्या : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा स्वीकार होने के बाद चंपत राय ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंदा गबन से जुड़े विभिन्न आरोपों पर वह फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।
उनका कहना है कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट आने तक वह सार्वजनिक रूप से किसी भी आरोप का जवाब देना उचित नहीं समझते।
चंपत राय ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह सामने आए प्रत्येक आरोपों का एक एक कर तथ्यों के आधार पर जवाब देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने पर सच्चाई स्वयं सामने आ जाएगी और जनता को पूरे मामले की वास्तविक जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह एसआईटी की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।
वह एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे। रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद वह पूरे मामले पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे और लगाए गए सभी आरोपों का तथ्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर जवाब देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि जांच पूरी होने के बाद सत्य सामने आएगा और सभी भ्रम दूर हो जाएंगे।
गौरतलब है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चढ़ावे और दान राशि के कथित प्रबंधन को लेकर उठे विवाद के बीच ट्रस्ट में प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। इसी क्रम में चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार किया गया। मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि एसआईटी पूरे प्रकरण की पड़ताल कर रही हैं।