बाराबंकी : आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) का असली नाम ‘भारतीय झूट्ठा पार्टी’ होना चाहिए। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा का असली नाम भारतीय झूट्ठा पार्टी होना चाहिए क्योंकि 11 साल का उनका कार्यकाल झूठ, बदहाली और लोगों का रोजगार छीनने के नाम रहा है।
आप सांसद सिंह 11 जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के प्रत्येक जिले में 2026 का पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ेगी और भाजपा की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने दो करोड़ नौकरी, मंहगाई कम करने, कालाधन वापस लाने, किसानों की आमदनी दोगुनी करने और 2022 तक सभी गरीबों को पक्का मकान देने का वादा किया था लेकिन ये सभी वादे झूठे निकले, इसलिए इसका नाम भारतीय जनता पार्टी नहीं, बल्कि ‘भारतीय झूट्ठा पार्टी’ होना चाहिए।