लखनऊ : भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने सोमवार को कहा कि बार-बार चुनाव होना देश के लिए एक बड़ी समस्या, एक बड़ा मुद्दा है। विगत 30 वर्ष में भारत में एक भी साल ऐसा नहीं गया जब चुनाव न हुआ हो। बंसल सोमवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के सभागार में 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, बार-बार चुनाव होना देश के लिए एक बड़ी समस्या, एक बड़ा मुद्दा बना है। विगत 30 वर्ष में भारत में एक भी साल ऐसा नहीं गया जब चुनाव न हुआ हो। यानी लगातार 30 वर्षों से भारत में कहीं ना कहीं चुनाव होते रहते हैं। संगोष्ठी में युवाओं और छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जब भी देश में कहीं कोई नया परिवर्तन होता है तो उसमें छात्रों, युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बंसल ने कहा कि देश और दुनिया के इतिहास को देखें तो हमेशा परिवर्तन की शुरुआत युवाओं और छात्रों ने की है। मेरा मानना है कि भविष्य में देश की राजनीति बदलेगी और उसकी भी शुरुआत आने वाले दिनों में युवा और छात्र ही करने वाले हैं।
भाजपा महासचिव ने 'एक राष्ट्र-एक चुनाव' की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद भारत ने लोकतंत्र को अपनाया और जहां लोकतंत्र है वहां चुनाव एक अनिवार्य हिस्सा है। ‘लोकतंत्र है तो चुनाव होगा। बंसल ने कहा कि अगर निष्पक्ष चुनाव नहीं होंगे तो देश में लंबे समय तक लोकतंत्र नहीं चल सकता। उन्होंने कहा, लोकतंत्र के साथ चुनाव अनिवार्य है। चुनाव निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से हो, यह भी उसके लिए आवश्यक है। लेकिन आजादी के बाद से अब तक लगातार एक के बाद एक चुनाव कराते रहना एक बहुत बड़ी चुनौती बन गया है।