बंगाल समते 3 राज्यों में भाजपा की जीत पर जश्न 
उत्तर प्रदेश

भाजपा की चुनावी जीत : CM योगी ने मंत्रियों को मिठाई खिलाई, केशव-ब्रजेश ने मनाया जश्न

उत्तर प्रदेश सरकार और संगठन में जश्न का माहौल रहा

लखनऊ : पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सफलता पर सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार और संगठन में जश्न का माहौल रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल की बैठक से पहले मंत्रियों को मिठाई खिलाई, वहीं भाजपा मुख्यालय में दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नृत्य करने के साथ आतिशबाजी भी की।

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर मंत्रिमंडल की बैठक से पहले उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों तथा घटक दल के नेताओं को मिठाई खिलाई।

मुख्यमंत्री के आवास पर आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, महिला बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, पंचायती राज मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर समेत अन्य मंत्री शामिल हुए।

योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के चुनावी सभाओं को संबोधित किया था। दूसरी तरफ विधानसभा चुनावों में इस सफलता पर उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जोरदार उत्सव मनाया गया।

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया।

भाजपा के एक बयान के मुताबिक भाजपा मुख्यालय में आतिशबाजी करके और एक-दूसरे का मुंह मीठा करके खुशी का इजहार किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की विजय ‘नए भारत’ की जनभावना का स्पष्ट प्रतिबिंब है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को इस सफलता का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि देश की जनता अब विकास और सुरक्षा की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

मौर्य ने कहा कि इन राज्यों की जनता ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए भाजपा के सुशासन मॉडल पर मुहर लगाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि यह जीत उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा है और आने वाले चुनावों में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। भाजपा पूरे देश में विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ती रहेगी।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इन चुनाव परिणामों को भारतीय लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति है।

उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह स्थिरता, विकास और मजबूत नेतृत्व चाहती है। पाठक ने कहा कि भाजपा सरकारों ने गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसका परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है।

SCROLL FOR NEXT