सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

महिला से मंगल सूत्र लूटने वाले सगे भाई मुठभेड़ में गिरफ्तार

मुठभेड़ गांधी घाट-भागल गांव के पास हुई

Santosh Sharma

बहराइच : बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर दिन दहाड़े महिला का मंगलसूत्र लूटने के दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार एवं शुक्रवार की दरमियानी रात फखरपुर क्षेत्र में हुई पुलिस से मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसक बाद घायल व्यक्ति और उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों गिरफ्तार आरोपी सगे भाई हैं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 21 सितंबर को फखरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर दोपहर 12 बजे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने ई-रिक्शा से जा रही महिला से मंगलसूत्र छीन लिया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीम गठित की थीं। ‘ट्रैफिक इंटरसेप्टर’ मोबाइल वाहन के कैमरे से मिले फुटेज और ‘यक्ष’ ऐप सहित अन्य तकनीकी माध्यमों तथा मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।

श्रीवास्तव के अनुसार, सूचना के आधार पर स्वॉट टीम और फखरपुर पुलिस ने गांधी घाट के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सलमान के दाहिने पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार करने के बाद उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर भेजा गया। उन्होंने बताया कि सलमान के साथी (सगे भाई) आरिफ उर्फ तस्लीम को भी पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल और लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया है।

SCROLL FOR NEXT