रामपुर : धनशोधन के आरोप में गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने बुधवार देर रात रामपुर पहुंचने पर कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव महज चुनाव नहीं, बल्कि ‘इंकलाब’ होगा।गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद देर रात रामपुर पहुंचे आजम खान का बड़ी संख्या में मौजूद उनके समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान खान ने कहा कि न्यायालय द्वारा जमानत मिलने के बाद रिहा होने से उनका इस बात पर यकीन मजबूत हो गया है कि देश आजाद है। लेकिन संविधान कैद है। हम सब को मिलकर संविधान की आजादी की मांग करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में खान ने कहा, इस बार चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब होगा। अब लोग धर्म और जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे। मुद्दों पर लड़ाई होगी और हम जैसे लोग संविधान के लिए और विधान के लिए मरने के लिए तैयार थे, तैयार हैं और तैयार रहेंगे।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर कि प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को न्याय दिलाया जाएगा, उन्होंने कहा, न्याय तो न्याय है, लेकिन किसी से बदला नहीं लिया जाएगा।
मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे आरोपों का भी सामना कर रहे खान ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोपी हो सकता है और वह विश्वविद्यालय बनाता है तो उनकी अल्लाह से दुआ है कि हर गली में एक मुर्गी चोर पैदा हो ताकि वह विश्वविद्यालय बना सके।
उन्होंने कहा, जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनकी साख कितनी गिर गई है और उच्च न्यायालय, उच्चतम न्यायालय उनके बारे में क्या राय रख रहे हैं...उन्हें थोड़ा-सा अपना स्तर बचा कर रखना चाहिए।
खान ने तंज कसते हुए यह भी कहा कि अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के जमाने में ईडी, सीबीआई, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो यह दोनों भी जेल में होते। आजम खान को धनशोधन मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिलने के एक दिन बाद बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा कर दिया गया।
खान को ईडी ने उनके मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े धनशोधन मामले में 31 अक्टूबर को हिरासत में लिया था। उसी दिन उन्हें रामपुर जेल से एक अन्य आपराधिक मामले में रिहा किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गाजियाबाद की धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।