सांकेतिक चित्र  
उत्तर प्रदेश

अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के घर पर हमला, 10 नामजद, 24 अज्ञात पर केस

सोशल मीडिया विवाद से भड़का हंगामा

अमेठी : समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक महाराजी प्रजापति के अमेठी स्थित आवास पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा कथित तौर पर हंगामा किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने 10 नामजद और 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे की है जब उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व खनन मंत्री और सजायाफ्ता गायत्री प्रसाद प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति के अमेठी की विकास कॉलोनी स्थित आवास पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया।

अमेठी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर विधायक के समर्थक धीरज पाल और शेर बहादुर यादव के बीच टिप्पणियों को लेकर विवाद था। इसी विवाद ने बाद में झगड़े का रूप ले लिया।

गायत्री प्रसाद प्रजापति के छोटे बेटे अनुराग प्रजापति ने अमेठी थाने में तहरीर दी है जिसमें आरोप लगाया गया कि जब परिवार के लोग क्षेत्र में थे, तभी शाम करीब साढ़े 8 बजे शेर बहादुर यादव, जय सिंह यादव समेत 30 से अधिक लोग तीन गाड़ियों से उनके आवास पर पहुंचे।

आरोप है कि इन लोगों ने विधायक महाराजी प्रजापति, पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति तथा पूरे परिवार के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हंगामा किया। घर में मौजूद महिलाओं ने जब वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और मारपीट भी की। सूत्रों के अनुसार, जय सिंह यादव सपा का स्थानीय नेता है।

सीओ मिश्रा ने कहा कि विधायक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जय सिंह यादव समेत 10 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 191(2) (दंगे से संबंधित), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर अपमान करना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

SCROLL FOR NEXT