श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना का कार्यक्रम -
उत्तर प्रदेश

'दुनियाभर में टकराव के बीच भारत राम राज्य का अनुभव कर रहा', अयोध्या में बोले CM योगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना की

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि जहां दुनियाभर में टकराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं भारत राम राज्य का अनुभव कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, दुनिया में तमाम जगह युद्ध हो रहे हैं, अव्यवस्था, आर्थिक अराजकता, भय-आतंक है और अयोध्याधाम में हजारों की संख्या में उपस्थित हम लोग भयमुक्त होकर राष्ट्रपति जी के अभिवादन और श्रीराम यंत्र की स्थापना कार्यक्रम में सहभागी बनकर रामराज्य की अनुभूति कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, भारत इसलिए भारत बना है क्योंकि इसे ऋषि-मुनियों की तपस्या, अन्नदाता किसानों के परिश्रम, कारीगरों की उद्यमिता और भारत की आस्था ने सदैव ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के रूप में बनाए रखा।

योगी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम के साथ जुड़कर न केवल प्रदेशवासी बल्कि देश-दुनिया के सनातन धर्मावलंबी के मन में भी आनंद की अनुभूति हो रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की प्रतिष्ठापना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को भारतीय नवसंवत्सर की शुभकामना दी और कहा कि सरयू मैया अयोध्या धाम को पवित्र करते हुए अपने निर्मल जल से पूरे क्षेत्र को पवित्र करती हैं।

मुख्यमंत्री ने वर्तमान पीढ़ी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पीढ़ी नववर्ष पर ऐसे किसी पर्यटन स्थल पर नहीं जाती, जहां सनातन के विरोध में कोई कार्य हो रहा है और यह नए वर्ष पर परिवार के साथ मंदिर जाती है।

योगी ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आस्था को अंधविश्वास कहकर अपमानित करने वाले वही लोग हैं, जो सत्ता बचाने के लिए नोएडा नहीं जाते थे। उन्होंने कहा कि नोएडा ना जाना उनके लिए अंधविश्वास नहीं था लेकिन राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, कृष्ण-कन्हैया के मथुरा-वृंदावन की बात करना अंधविश्वास का पर्याय था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2025 में 156 करोड़ श्रद्धालु-पर्यटक धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा करने उत्तर प्रदेश आए। योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी, प्रयागराज महाकुम्भ, मथुरा-वृंदावन में दर्शन करने जितने लोग आए, उतनी आबादी कई देशों की नहीं है क्योंकि यह नया और बदलता भारत है।

उन्होंने राम मंदिर निर्माण यज्ञ में योगदान देने वाले संतों, रामभक्तों, कारीगरों/श्रमिकों का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को स्मृति चिह्न प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने किया।

इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मां अमृतानंदमयी (अम्मा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक भैया जी, श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, ट्रस्टी अनिल मिश्रा, मंदिर निर्माण में योगदान देने वाले कारीगरों के पारिवार के सदस्यों समेत हजारों रामभक्त मौजूद रहे।

SCROLL FOR NEXT