अपर्णा यादव के पति थे प्रतीक यादव (File Photo)  
उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन

लखनऊ के अस्पताल में तोड़ा दम

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 38 साल थी। सुबह 6 बजे पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय के मुताबिक, जब प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी। हार्ट भी रुक चुका था।

प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा फिलहाल असम में हैं। वे लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। अभी मौत की वजह पता नहीं चल सकी है। शव का पोस्टमॉर्टम किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, यानी KGMU में कराया गया। यहां से शव प्रतीक के घर ले जाया जाएगा।

इस बीच, अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। छोटे भाई का शव देखा। बाहर आकर कहा- यह दुखद है कि वे आज हमारे बीच नहीं हैं। कानून और परिवार के लोग जो कहेंगे, हम उसी बात को मानेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद उन्हें थोड़ा आराम मिला। इसके बाद वे बिना छुट्टी के घर चले गए थे। डॉक्टर्स के मुताबिक, वो फेफड़े की गंभीर बीमारी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चपेट में थे। इसमें खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंसकर ब्लड सर्कुलेशन को रोक देता है।

प्रतीक, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। साधना गुप्ता की पहली शादी 1986 में चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी। 1987 में प्रतीक का जन्म हुआ। 1990 में चंद्र प्रकाश गुप्ता और साधना का तलाक हो गया। इसी दौरान साधना और मुलायम की करीबी हो गई। 2003 में मुलायम सिंह ने साधना गुप्ता से शादी कर ली और सार्वजनिक तौर पर प्रतीक को बेटे का हक दिया था।

ब्रिटेन से पढ़ाई की, राजनीति से दूर थे

  • प्रतीक ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। वे राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था। प्रतीक लखनऊ में 'द फिटनेस प्लैनेट' नाम से एक जिम के मालिक थे। प्रतीक ने अपर्णा यादव से 14 साल पहले लव-मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं।

  • प्रतीक ने 19 जनवरी को अचानक पत्नी अपर्णा से तलाक लेने का ऐलान कर दिया था। कहा था- अपर्णा ने मेरी जिंदगी नरक बना दी। हालांकि, 9 दिन बाद दोनों में सुलह हो गई थी। इंस्टाग्राम पर प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था- ‘All is Good यानी सब अच्छा है।

SCROLL FOR NEXT