अखिलेश यादव 
उत्तर प्रदेश

अखिलेश का दावा : 2027 में भाजपा हारेगी

योगी पर निशाना: भगवान कृष्ण का अपमान और भाजपा की हार का दावा

Santosh Sharma

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गोपालकों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी कर भगवान कृष्ण का अपमान करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 के विधानसभा चुनाव में हमेशा के लिए हार जाएगी।

यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के लखनऊ में बुधवार को आयोजित 'उत्तराखंड महोत्सव' में दिये गये एक बयान का वीडियो साझा करते हुए यह टिप्पणी की। वीडियो में आदित्यनाथ कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर उत्तराखंड के लोग नहीं होते तो यादव अपने पैतृक गांव सैफई (इटावा) में भैंस चरा रहे होते।

सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में कहा, गोपालकों को अपशब्द कहकर प्रकारांतर में गोपाल अर्थात् भगवान श्रीकृष्ण का जो अपमान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महोदय ने मंच से किया है वो अक्षम्य है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले अयोध्या में भगवान राम के मंदिर के चढ़ावे, चंदे और दान की कथित चोरी के मामले में एक बड़े गिरोह को क्लीन चिट दी गई और अब भगवान कृष्ण पर वार किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दुर्भावना के कारण वाराणसी में पाल समाज के लोगों को लाठियों से पिटवाया गया और शिवभक्त राजमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की शिवलिंग लिये प्रतिमा का तिरस्कार किया गया।

उन्होंने कहा, ये न भगवान शिव के सगे हैं, न भगवान राम के, न भगवान कृष्ण के और न ही देवी अहिल्याबाई जी के।

सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी वेशभूषा और सार्वजनिक व्यवहार के अनुरूप भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हार सामने देखकर बड़े-बड़े लोग विचलित हो जाते हैं और भाषाई मर्यादा भूलकर शाब्दिक अराजकता पर उतर आते हैं। यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री का अहंकारपूर्ण व्यवहार पहले भी एक युवा मृतक की मां के साथ-साथ शिक्षकों, पत्रकारों और अधिकारियों के प्रति अपमानजनक रहा है।

सपा प्रमुख ने भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले बाबा बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आदित्यनाथ इतने कमजोर पड़ गये हैं कि अब उत्तर प्रदेश में किसी और ‘दुष्मुखी’ को बुलाया जा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, जनता कह रही है कि अब इनका (आदित्यनाथ) प्रभाव शून्य हो गया है। अगर इनका प्रभाव शेष होता तो वो ऐसे असामाजिक व्यक्ति (धीरेंद्र शास्त्री) को कभी भी अपने प्रदेश में आने की अनुमति नहीं देते, जो उनके ही दिये गये नारे को सरेआम ठुकराकर समाज को बांट रहा है।

सपा प्रमुख ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 2024 और 2026 की हार से डर गई है और इसी वजह से उसके नेताओं की भाषा बिगड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा जितनी खराब भाषा का इस्तेमाल करेगी, 2027 के विधानसभा चुनाव में उसकी हार उतनी ही बड़ी होगी।

उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव अब पांच प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों तथा 95 प्रतिशत पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के बीच हो गया है। यादव ने दावा किया कि पीडीए में अब हर समाज के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हो गए हैं और इसका जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है।

SCROLL FOR NEXT