सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

आंबेडकर नगर में मां-4 बच्चों की हत्या का आरोपी आमिर मुठभेड़ में ढेर, 2 पुलिसकर्मी घायल

एकतरफा प्यार और संपत्ति के लालच में 5 हत्याएं

आंबेडकर नगर : आंबेडकर नगर में 4 बच्चों और उनकी मां की हत्या के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले 5 लोगों की हत्या करने के आरोपी की पहचान आमिर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ‘एक तरफा प्यार’ और संपत्ति का लालच इन हत्याओं की वजह थी। आंबेडकर नगर की पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि यह मुठभेड़ रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हुई।

उन्होंने कहा, एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आमिर को उस समय घेर लिया, जब वह जिले से भागने की कोशिश कर रहा था। आत्मसमर्पण करने के लिए मौका दिए जाने पर उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गंभीर चोटें आईं। मुठभेड़ में 2 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

इस हत्याकांड की कड़ियों को सुलझाना जांचकर्ताओं के लिए काफी चुनौती भरा रहा। दो मई को जब चारों बच्चों के शव मिले तो शुरुआत में मां पर संदेह गया लेकिन अगले दिन जब महिला का शव पास के एक नाले से बरामद हुआ तो स्पष्ट हो गया कि वह भी उसी अपराधी की शिकार थी।

पुलिस अधीक्षक सिंह ने बताया कि विस्तृत जांच और तकनीकी निगरानी से पुलिस आमिर तक पहुंची। आमिर उस महिला से शादी करना चाहता था। साथ ही उसकी संपत्ति हड़पने की नीयत भी थी। जब बात नहीं बनी तो उसने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।

मुठभेड़ के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT