बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के कांचरापाड़ा में एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के बाहर छात्रों के बीच विवाद हिंसक हो गया। नौवीं कक्षा के दो विद्यार्थियों पर कैंची से हमला करने का आरोप दसवीं कक्षा के एक छात्र पर लगा है। बुधवार दोपहर बागमोड़ स्थित शिवतला लेन में कांचरापाड़ा इंग्लिश मीडियम स्कूल के बाहर हुई इस घटना में दोनों छात्र घायल हो गए। उन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौवीं कक्षा के दो विद्यार्थी ट्यूशन पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान गाली-गलौज को लेकर उनमें से एक का दसवीं कक्षा के एक छात्र से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान दसवीं के छात्र ने अपने बैग से कैंची निकालकर नौवीं के विद्यार्थी के माथे और सिर के पिछले हिस्से पर कई वार कर दिए। दोस्त ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उस पर भी हमला कर दिया गया।
पिता ने लगाया गंभीर आरोप
घायल छात्रों में से एक के पिता रूपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दोनों विद्यार्थी इसी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ते हैं। बुधवार दोपहर ट्यूशन जाते समय उनके बेटे का दसवीं के एक छात्र से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने कैंची से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।
हालीशहर थाना पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर हालीशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। इस घटना के बाद स्कूल के आसपास विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।