बारिश के पानी से भी फ्लाईओवर की सड़क को नहीं पहुंचेगा नुकसान
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सियालदह फ्लाईओवर बेहद ही अहम है। ट्रेन हो या बस यात्रियों के लिए यातायात का यह मुख्य मार्ग है। इस पर से रोजाना हजारों की संख्या में गाड़ियां गुजरती हैं। इस फ्लाईओवर पर पहले भी कई बार मरम्मत कार्य किये गये हैं लेकिन अब केएमडीए फ्लाईओवर की सड़क को लेकर बड़ा काम करने की योजना बना रहा है। सड़क को चकाचक करने की योजना है। सियालदह फ्लाईओवर की सड़क की मैस्टिक लेयर के इस्तेमाल से मरम्मत की जायेगी यानी मैस्टिक बिछाया जायेगा। इसकी खासियत यह है कि यह आम सड़क से अलग होगी। तकनीकी दृष्टिकोण से सड़कों में मैस्टिक का इस्तेमाल उच्चतम माना जाता है। केएमडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सन्मार्ग को बताया कि हमलोगों ने सियालदह फ्लाईओवर के लिए पूरी योजना तैयार कर ली है। निचले हिस्से में काम कब शुरू होगा यह अभी तय नहीं हुआ है मगर फ्लाईओवर की सड़क पर मैस्टिक से मरम्मत कार्य किया जायेगा।
मैस्टिक की खासियत
तकनीकी दृष्टिकोण से मैस्टिक का इस्तेमाल बेहतर
सड़कों पर फिसलन का जोखिम कम होना
सड़क की लाइफलाइन बढ़ जाती है
सड़क की सतह पर छोटे छोटे दाने होते हैं जो जल्द सड़क को टूटने नहीं देते
टेंडर का काम हुआ पूरा
सड़क पर जगह-जगह मरम्मत कार्य पहले भी किये गये हैं मगर फ्लाईओवर पर एक साथ इतने बड़े पैमाने पर काम प्रथम बार होगा। केएमडीए सूत्रों के मुताबिक टेंडर का काम पूरा हो गया है। बहुत जल्द काम शुरू होने की आशा है। बहुत ज्यादा ट्रैफिक पर असर ना पड़े इसके लिए पूरी कोशिश की जायेगी। ट्रैफिक विभाग से बातचीत की जायेगी। अगर जरूरत पड़ी तो ट्रैफिक डायवर्जन किया जायेगा।
सियालदह फ्लाईओवर के निचले हिस्से में भी मरम्मत कार्य की है योजना
फ्लाईओवर की हेल्थ रिपोर्ट में मरम्मत का सुझाव दिया गया है। खासकर निचले हिस्से में व पिलर संबंधित कार्य के लिए कहा गया है। केएमडीए द्वारा काफी पहले से ही सियालदह फ्लाईओवर की मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की गयी है। केएमडीए, केएमसी सर्वे विभाग के अधिकारियों ने मिलकर फ्लाईओवर का निरीक्षण भी किया। कहा गया कि मरम्मत के दौरान फ्लाईओवर के नीचे से हॉकरों को कुछ समय के लिए स्थानांतरित किया जायेगा। हालांकि यह अभी तक नहीं हो पाया है। हॉकरों ने पहले भी कहा है कि वे सहयोग के लिए तैयार हैं। सियालदह फ्लाईओवर मर्चेंट एसोसिएशन के महासचिव नकुल कुंडू ने कहा कि हमलोग हर तरह से प्रशासन को सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
एक नजर इस पर
समय के साथ सियालदह फ्लाईओवर की वहन क्षमता घटी है
पिलर-गार्डर की मरम्मत की आवश्यकता है
फ्लाईओवर के ऊपर सड़क की हालत खराब है
पिच के कारण फ्लाईओवर पर दबाव भी बढ़ा
वर्ष 2019 में अंतिम बार हुई थी मरम्मत