अशोकनगर में एक ही इलाके से मिले दो स्कूली विद्यार्थियों के शव
व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर जुड़ा था दोनों का फोन
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक घटना में दो स्कूली विद्यार्थियों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। आरोप है कि गुरुवार को प्रेमी जीत विश्वास ने वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह देखकर उसकी प्रेमिका पूजा मंडल ने भी अपने घर में फांसी लगा ली। दोनों की उम्र करीब 18 वर्ष बतायी जा रही है। वे सेंदंगा चतुर्दशपल्ली हाई स्कूल के विद्यार्थी थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।
चार-पांच साल से था प्रेम संबंध
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूजा और जीत के बीच पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और साथ ही ट्यूशन भी जाते थे। उनके सहपाठियों का कहना है कि दोनों के बीच कभी किसी तरह के विवाद या अनबन की जानकारी नहीं मिली थी। पूजा की एक सहेली के मुताबिक, जीत के परिवार को इस रिश्ते पर आपत्ति थी। हालांकि, दोनों इस वजह से मानसिक तनाव में थे या नहीं, इसकी जानकारी उसे नहीं थी। दूसरी ओर, पूजा की मां फुल्लरेश्वरी मंडल ने बताया कि उन्हें बेटी के प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। पड़ोसियों से उन्हें बाद में इस बारे में पता चला।
वीडियो कॉल के दौरान हुई दर्दनाक घटना
परिवार और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को जीत ने पूजा को व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल किया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रेमी को इस हालत में देखकर पूजा ने भी अपने घर में फांसी लगा ली। काफी देर तक पूजा के कमरे का दरवाजा बंद रहने और आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिलने से परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो पूजा का शव फंदे से लटकता मिला। उस समय मोबाइल फोन पर वीडियो कॉल चालू थी।
भाई ने दरवाजा तोड़कर देखा भयावह दृश्य
पूजा के बड़े भाई दीपू मंडल ने बताया कि उन्होंने कई बार बाहर से बहन को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर बहन को फंदे से लटका पाया। उन्होंने कुछ लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा। इसके बाद मोबाइल फोन पर चल रही वीडियो कॉल में जीत को भी फंदे से लटका देखा। उन्होंने बताया कि घटना से पहले पूजा ने घर में पारिवारिक समारोह भी आयोजित किया था और सभी के साथ हंसी-मजाक किया था। इसलिए इस घटना से पूरा परिवार स्तब्ध है।
दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया
शुक्रवार को बारासात मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों, प्रेम संबंध और पारिवारिक आपत्तियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।