अस्थायी कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
बैरकपुर :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त जारी किए जाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने शुक्रवार को बैरकपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कौस्तव बागची मातरंगी इलाके स्थित केंद्रीय पट एवं संबद्ध रेशा अनुसंधान संस्थान पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह संस्थान से बाहर निकल रहे थे, तभी वहां आंदोलन कर रहे अस्थायी कर्मचारियों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर ‘गो बैक’ के नारे लगाने शुरू कर दिए।गौरतलब है कि संस्थान के अस्थायी कर्मचारी पिछले दो दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें संस्थान के गेट के बाहर बैठने के लिए मजबूर किया गया है। इसी मुद्दे को लेकर वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को विधायक कौस्तुभ बागची के संस्थान पहुंचने और कार्यक्रम के बाद बाहर निकलने के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में प्लेकार्ड लेकर विरोध जताया और उनके खिलाफ नारेबाजी की।इस घटना के बाद इस पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इस संबंध में विधायक कौस्तव बागची से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।