केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
नई दिल्ली-कोलकाता : पेंशन कोष नियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) अगले 60-70 दिनों में राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत नई ‘एनपीएस स्वास्थ्य पेंशन योजना’ शुरू करने जा रहा है। यह देश की पहली ऐसी योजना होगी, जिसमें पेंशन बचत के साथ टॉप-अप स्वास्थ्य बीमा की सुविधा एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य एनपीएस अंशधारकों को चिकित्सा जरूरतों के लिए समर्पित पेंशन खाते के साथ अतिरिक्त स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है।
स्वास्थ्य जरूरतों के लिए समर्पित पेंशन खाता
नई दिल्ली में आयोजित पीएफआरडीए के एक कार्यक्रम में चेयरमैन एस. रमण ने बताया कि एनपीएस स्वास्थ्य योजना को हाल ही में प्राधिकरण के निदेशक मंडल की मंजूरी मिल चुकी है और इसे अगले 60-70 दिनों में लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत एनपीएस अंशधारकों के लिए चिकित्सा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एक समर्पित पेंशन खाता बनाया जाएगा। इसके साथ पेंशन कोष की ओर से टॉप-अप स्वास्थ्य बीमा की सुविधा भी दी जाएगी, जिसके लिए पेंशन फंड विभिन्न बीमा कंपनियों के साथ साझेदारी करेंगे।
आदित्य बिड़ला हेल्थ पहली सेवा प्रदाता कंपनी
पीएफआरडीए चेयरमैन ने बताया कि योजना के लिए आदित्य बिड़ला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को पहले सेवा प्रदाता के रूप में शामिल किया गया है, जबकि जल्द ही अन्य बीमा कंपनियां भी इससे जुड़ सकती हैं। यह योजना एनपीएस के सभी वर्गों के अंशधारकों के लिए उपलब्ध होगी। योजना के तहत लागू शुल्क और प्रभार बहु-योजना ढांचा (एमएसएफ) के तहत तय किए जाएंगे और इन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाएगा। इन शुल्कों में स्वास्थ्य लाभ प्रशासक (एचबीए) को देय शुल्क भी शामिल होगा। पीएफआरडीए का मानना है कि यह पहल पेंशन बचत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।