अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में बनाया व्हाट्सएप ग्रुप
कहा, जल्द जेल में होंगे तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के मोहनपुर में आयोजित विजया सम्मेलन के मंच से राज्य के परिवहन एवं श्रम मंत्री अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हत्या की साजिश रची जा रही है और इसके लिए 180 लोगों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिसका नेतृत्व अभिषेक बनर्जी कर रहे हैं। मंत्री के इस बयान से राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मोहनपुर थाने की ओर से आयोजित विजया सम्मेलन में अर्जुन सिंह ने कहा कि इस कथित व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री कहां जा रहे हैं, क्या कर रहे हैं और उनकी दिनचर्या क्या है, इन सभी बातों की जानकारी ग्रुप में साझा की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अवश्य इस संबंध में कार्रवाई करेंगे।
अभिषेक बनर्जी को जेल भेजने की दी चेतावनी
अपने संबोधन में मंत्री ने तृणमूल नेता काजल शेख का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि काजल शेख पहले भी हथियारों के साथ पकड़े जा चुके हैं। उसने कई लोगों की हत्या की और करवाई है। उसको तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए। वही भतीजे को भी हथियारों की आपूर्ति करते थे। अर्जुन सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, 'राज्य में सरकार हमारी है। अभिषेक बनर्जी ज्यादा दिनों तक बाहर नहीं रह पाएंगे। उनको जल्द से जल्द जेल में डाल दिया जाएगा।' मंत्री ने अपने भाषण के दौरान तृणमूल कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर लगातार निशाना साधा। मोहनपुर थाने के विजया सम्मेलन के मंच से मुख्यमंत्री की हत्या की कथित साजिश और अभिषेक बनर्जी की भूमिका को लेकर लगाये गये उनके आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, अर्जुन सिंह के इन आरोपों पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ना उचित होगा।