टॉप न्यूज़

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से सुलझा पानीहाटी उत्सव का विवाद

KD Parth

भाजपा के दो गुटों के बीच खींचतान पर लगा विराम

उत्सव के नाम और आयोजन समिति पर मंगलवार को होगा फैसला

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के बहुचर्चित पानीहाटी उत्सव और पुस्तक मेले के आयोजन को लेकर भाजपा के स्थानीय नेतृत्व के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद आखिरकार मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया है। सोमवार शाम बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में तय किया गया कि तमाम विवादों को पीछे छोड़ते हुए आगामी 24 दिसंबर से पानीहाटी उत्सव और पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इस बार उत्सव का नाम क्या होगा और आयोजन समिति में किन लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी, इस पर अंतिम फैसला अगली होने वाली बैठक में लिया जाएगा।

आयोजन से पहले भाजपा में गुटीय खींचतान

गौरतलब है कि उत्सव शुरू होने में महज एक महीने का समय बचा है, लेकिन पानीहाटी के अमरावती मैदान में तैयारियां अब तक शुरू नहीं हो पाई थीं। आयोजन की जिम्मेदारी किसके हाथ में रहेगी, इसे लेकर भाजपा के स्थानीय नेतृत्व के दो गुटों के बीच खींचतान चल रही थी। पानीहाटी में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत के बाद पार्टी के भीतर का विवाद और गहरा गया था। पानीहाटी की विधायक रत्ना देवनाथ ने भी जिला अध्यक्ष के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया था। इससे इस वर्ष उत्सव और पुस्तक मेले के आयोजन पर ही संशय पैदा हो गया था।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अर्जुन सिंह ने संभाली कमान

अब तक पानीहाटी उत्सव और पुस्तक मेले का आयोजन तृणमूल के पूर्व विधायक निर्मल घोष की देखरेख में होता रहा है। हालांकि, इस बार सत्ता परिवर्तन के बाद आयोजन की जिम्मेदारी को लेकर भाजपा के दो गुटों में टकराव शुरू हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्थिति को संभालने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री अर्जुन सिंह ने हस्तक्षेप किया। सोमवार शाम बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमित कुमार सिंह की मौजूदगी में उनके कार्यालय में दोनों पक्षों के नेताओं के साथ समन्वय बैठक हुई।

बैठक में दोनों गुटों के नेता रहे मौजूद

बैठक में विधायक रत्ना देवनाथ, प्रारंभिक रूप से तय किए गए उत्सव के संयोजक एवं पूर्व विधायक शीलभद्र दत्ता, उत्तर उपनगरीय भाजपा के जिला अध्यक्ष चंडीचरण राय, जय साहा और माधव दास समेत अन्य नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद अर्जुन सिंह ने स्पष्ट किया कि उत्सव के आयोजन में किसी भी तरह का गुटीय विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री और पुलिस आयुक्त ने प्रशासन तथा आयोजकों को आपसी समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मंगलवार को नाम और आयोजन समिति पर फैसला

बैठक के बाद 24 दिसंबर से उत्सव शुरू करने पर सहमति बन गई है। हालांकि, उत्सव के नाम में बदलाव होगा या नहीं और आयोजन समिति की अंतिम सूची में किन नेताओं को जगह मिलेगी, इस पर मंगलवार को होने वाली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद अमरावती मैदान में तैयारियां तेज होने की उम्मीद है। फिलहाल मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद आयोजन को लेकर बना असमंजस दूर होता दिख रहा है।
SCROLL FOR NEXT