मालदह : मालदा के रतुआ थाना क्षेत्र का दुर्गापुर इलाका दो गुटों के बीच झड़प से माहौल गरम है। शनिवार की रात टोटो रखने को केंद्र करके विवाद शुरू हुआ और उस विवाद के कारण दोनों समूहों के बीच झड़प हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि परिणामस्वरूप एक के बाद एक दुकानों में तोड़फोड़ की गई, घरों और कारों में तोड़फोड़ की गई। लूटपाट का भी गंभीर आरोप है। एक ओर एक पक्ष ने दूसरे पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। यहां तक कि बड़े पैमाने पर बम विस्फोट के भी आरोप लगे। रात में ही घटनास्थल पर विशाल पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। रविवार को भी इलाके में गहमागहमी रही। दुकान बाजार हाट बंद रही। बड़ी संख्या में पुलिस की टहलदारी देखी गयी। मालदा के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने इस घटना में दोनों पक्षों से 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ने अपने एक्स हैंडल पर दावा किया कि मालदा जिले के रतुआ में सनातनियों पर हमला हुआ है। जिला तृणमूल नेता आशीष कुंडू ने कहा कि भाजपा और संघ परिवार का एक वर्ग राज्य के साथ-साथ मालदा जिले में भी अशांति फैलाने की साजिश रच रहा है। सीपीएम और कांग्रेस विरोध करने के बजाय चुपचाप उनका समर्थन कर रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ लड़ रही है। हम जिला पुलिस से एक अनुरोध करेंगे कि इस घटना के पीछे कौन है, इसका पता लगाएं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। चाहे वे किसी भी समुदाय या धर्म से संबंधित हों, उनके साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।