तृणमूल नेता के घर पहुंचने पर पार्टी के विरोधी गुट ने घेरा
पुराने हथियार मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के खड़दह विधानसभा क्षेत्र के लेनिनगढ़ निवासी भाजपा के खड़दह नंबर-4 मंडल के महासचिव बंकिम विश्वास को न्यू बैरकपुर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात न्यू बैरकपुर में एक तृणमूल नेता के घर पहुंचने के बाद बंकिम को लेकर इलाके में राजनीतिक तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि वह पुराने हथियार मामले में लंबे समय से फरार थे और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी था।
घर पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात बंकिम विश्वास के तृणमूल नेता के घर पहुंचने की खबर मिलते ही भाजपा के विरोधी गुट के नेता और कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। उन्होंने बंकिम पर तृणमूल नेता के साथ राजनीतिक ‘सेटिंग’ करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी शर्ट का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें लेनिनगढ़ बाजार में घुमाया। बाद में मौके पर पहुंची न्यू बैरकपुर थाने की पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
हथियार मामले में जारी था वारंट
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बंकिम विश्वास के खिलाफ पुराने हथियार मामले में वारंट जारी था। इसी मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, उनके समर्थकों का दावा है कि पुराने मामले के कारण वह लंबे समय से इलाके से बाहर थे। बेटी की तबीयत खराब होने की खबर मिलने पर वह अपने ससुराल आए थे। इसी दौरान भाजपा के विरोधी गुट के लोगों ने उन्हें घेर लिया और झूठे मामले में फंसाने की साजिश की।
हमले का भी लगा था आरोप
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले न्यू बैरकपुर के लेनिनगढ़ इलाके के एक क्लब में हमला करने का आरोप भी बंकिम विश्वास और उनके करीबी लोगों पर लगा था। मंगलवार रात उनके इलाके में पहुंचने के बाद विरोधी गुट के भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वह स्थानीय तृणमूल नेता के घर राजनीतिक समझौते के लिए पहुंचे थे।
शराब-जुआ के अड्डों का विरोध करने का दावा
दूसरी ओर, बंकिम के करीबी भाजपा कार्यकर्ताओं का दावा है कि लेनिनगढ़ इलाके में शराब, जुआ और गांजे के अड्डे चल रहे हैं। इन गतिविधियों का विरोध करने के कारण बंकिम को राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, उनके विरोधी भाजपा गुट का कहना है कि पार्टी की ओर से पहले भी उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। पूरे घटनाक्रम पर उत्तर शहरतली जिला भाजपा नेतृत्व फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहा है।