टॉप न्यूज़

बैरकपुर स्टेशन पर जल्द मिलेगी लिफ्ट-एस्केलेटर सुविधा

फुट ओवरब्रिज को भी जल्द चालू करने की तैयारी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल बैरकपुर स्टेशन पर यात्रियों को जल्द ही लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा मिलने की उम्मीद है। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यों को गति देने की दिशा में रेलवे ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में सियालदह डिवीजन के डीआरएम राजीव सक्सेना ने गुरुवार को बैरकपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों, परिसर के अंदर और बाहर उपलब्ध खाली एवं अप्रयुक्त स्थानों तथा यात्री सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति, रेलवे की सीमा के भीतर रखे गए डस्टबिन और रेलवे क्वार्टरों में जलजमाव की समस्या पर भी ध्यान दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर को व्यवस्थित रखने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डीआरएम राजीव सक्सेना ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बैरकपुर स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेशन पर विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन कार्यों की वास्तविक स्थिति और प्रगति का जायजा लेने के लिए वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। रेलवे का प्रयास है कि स्टेशन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्रियों की रोजमर्रा की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाए।

फुट ओवरब्रिज को चालू करने की तैयारी

बैरकपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 से प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बाहर तक जाने वाले रेलवे फुट ओवरब्रिज को लेकर भी डीआरएम ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अम्फान तूफान के दौरान यह फुट ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण यात्रियों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे की ओर से इसे जल्द से जल्द दोबारा चालू करने की कोशिश की जा रही है। इस फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने की भी योजना है। इससे खासकर बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।

यात्री सुविधाओं पर रेलवे का जोर

बैरकपुर स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन पर बेहतर संपर्क व्यवस्था, सुगम आवाजाही और साफ-सफाई की सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे के लिए महत्वपूर्ण है। लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि स्टेशन के विकास कार्यों के साथ यात्री सुविधाओं और परिसर की व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT