मंगलवार को विधायक और स्थानीय नेताओं के साथ करेंगे बैठक
कौस्तव बागची ने कहा- हमें किसी ने नहीं दी जानकारी
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
बैरकपुर में भाजपा के भीतर बढ़ते गुटीय विवाद और सार्वजनिक रूप से सामने आ रही नेताओं की आपसी खींचतान पर अब मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीधे हस्तक्षेप किया है। विधायक कौस्तव बागची के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, मंडल स्तर के नेताओं के साथ उनकी सार्वजनिक नोकझोंक और पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ता अरूप साहा की मौत के बाद उपजे विवाद ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। इन तमाम घटनाक्रमों के बीच शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को बैरकपुर के विधायक और स्थानीय पार्टी नेताओं के साथ आपात बैठक बुलायी है। विधायक
कौस्तव बागची ने सन्मार्ग
को बताया कि बैठक के संबंध में किसी ने हमें अभी तक जानकारी नहीं दी है। बैठक में बुलाया जाएगा तो अवश्य जाएंगे।
गुटीय विवाद पर शीर्ष नेतृत्व का हस्तक्षेप
माना जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों को दूर करना और संगठन में बढ़ते टकराव पर विराम लगाना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक के लिए पुलिस कमिश्नर कार्यालय का स्थान संभावित बताया जा रहा है। हालांकि, पहले यह बैठक शुक्रवार को प्रस्तावित थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के कारण इसे रद्द करना पड़ा था। अब मंगलवार को शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में विवाद के सभी पहलुओं पर चर्चा होने की संभावना है।
विधायक और मंडल महासचिव के बीच टकराव
दरअसल, कुछ दिन पहले बैरकपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने विधायक कौस्तव बागची के खिलाफ सड़क पर उतरकर 'वापस जाओ' के नारे लगाए थे। प्रदर्शनकारियों ने विधायक पर भ्रष्टाचार समेत कई आरोप भी लगाए। इसी दौरान बैरकपुर मंडल-2 के महासचिव संजय यादव के साथ कौस्तव बागची की सार्वजनिक बहस भी सामने आयी थी। इस घटनाक्रम ने भाजपा के अंदर चल रही गुटबाजी को खुलकर उजागर कर दिया।
संजय यादव से लिखित शिकायत मांगी गई
बताया जा रहा है कि कौस्तव बागची ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य को दी थी। वहीं, संजय यादव को भी मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से बुलाकर अपना पक्ष रखने और विधायक के खिलाफ लगाए गए आरोपों को लिखित रूप में प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचाने को कहा गया है। संजय यादव ने भी लिखित शिकायत देने की बात कही है।
अर्जुन सिंह खेमे की खींचतान पर नजर
राजनीतिक गलियारों में इस विवाद को बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। अर्जुन सिंह समर्थक खेमे और कौस्तव बागची सहित जगद्दल के विधायक राजेश कुमार से जुड़े नेताओं के बीच मतभेद की चर्चा है। ऐसे में मंगलवार की बैठक को केवल शिकायतों की सुनवाई नहीं, बल्कि बैरकपुर में संगठनात्मक समीकरणों को दुरुस्त करने की शीर्ष नेतृत्व की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।