टॉप न्यूज़

बेलघरिया में डिलीवरी बॉय को घसीटती रही कार

KD Parth

स्थानीय लोगों ने कार रोककर बचाई जान

शराब के नशे में ड्राइविंग का आरोप, तीन गिरफ्तार

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि कार चालक बाइक सवार युवक को बाइक समेत घसीटते हुए हिंदुस्तान मोड़ तक ले गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। इस मामले में पुलिस ने कार चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना बेलघरिया थाना क्षेत्र के सिंधु स्टोर मोड़ पर नीलगंज रोड और फीडर रोड के संगम पर जेनिथ अस्पताल के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिहार निवासी तीन युवक चारपहिया वाहन में सवार थे। आरोप है कि वे शराब के नशे में गाड़ी चला रहे थे। इसी दौरान बेलघरिया ब्रिज से उतरते समय उनकी कार ने एक डिलीवरी बॉय की बाइक को टक्कर मार दी।

चालक ने वाहन नहीं रोका

टक्कर के बाद कार चालक ने वाहन नहीं रोका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार बाइक और उस पर सवार युवक को घसीटते हुए हिंदुस्तान मोड़ तक ले गई। इस दौरान सड़क पर चिंगारियां निकलती दिखाई दीं। व्यस्त सड़क पर यह दृश्य देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार को रुकवाया, जिससे डिलीवरी बॉय की जान बच सकी। हादसे में घायल युवक को तत्काल सागर दत्त अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बेलघरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटनास्थल तथा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में यातायात निगरानी बढ़ाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना ने व्यस्त सड़कों पर यातायात सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
SCROLL FOR NEXT