सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल में बांग्ला फिल्मों के प्रसार पर जोर दिया जा रहा है। बांग्ला फिल्मों को प्राइम टाइम में पर्याप्त जगह दिलाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। नवान्न में फिल्म इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि राज्य के हर सिनेमाघर में प्राइम टाइम के दौरान कम से कम एक बंगाली फिल्म का शो अनिवार्य रूप से दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरी भाषाओं की फिल्मों के प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म ''साधक बामाख्यापा'' के शो कम किए जाने और बाद में सिनेमाघरों से फिल्म हटाई जाने को लेकर नाराजगी जताई। सूत्रों के मुताबिक, सिनेमाघर मालिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, लेकिन मौजूदा सरकार के समय ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर फिल्म की स्क्रीनिंग बंद की गई और तत्काल फिल्म के शो दोबारा शुरू करने का निर्देश दिया।
बैठक में बंगाली सिनेमा के हित में प्राइम टाइम नीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया। फिल्म जगत के एक वर्ग का मानना है कि इससे पहले भी इस संबंध में नीतिगत फैसला लिया गया था, लेकिन उसका सही तरीके से पालन नहीं हुआ। अब सरकार की सक्रिय पहल का उद्देश्य इसी कमी को दूर करना है।
बैठक के बाद अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता ने चर्चा को सकारात्मक बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका बंगाली सिनेमा को अच्छा फायदा मिलेगा। उनके मुताबिक, बैठक का मुख्य मुद्दा बंगाली फिल्मों के लिए प्राइम टाइम शो सुनिश्चित करना और इस फैसले को सख्ती से लागू करना था। उन्होंने कहा, "पहले भी प्राइम टाइम को लेकर फैसला लिया गया था। इस बार इसे और प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया है।"
ऋतुपर्णा ने बताया कि उनकी नई फिल्म ''नजरबंदी'' अगले सप्ताह रिलीज होने वाली है। उन्होंने कहा कि बंगाली फिल्मों के लिए यह फैसला बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री ने प्राइम टाइम में बंगाली फिल्मों के प्रदर्शन को लेकर स्पष्ट आश्वासन दिया है। फिल्म जगत के लोगों के अनुसार, मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघरों में बंगाली फिल्मों के शो कम किए जाने की शिकायत लंबे समय से उठती रही है। अगर सरकार की यह पहल प्रभावी तरीके से लागू होती है, तो इससे बंगाली फिल्मों के दर्शकों की संख्या बढ़ सकती है और राज्य के फिल्म उद्योग को नई गति मिल सकती है।