टॉप न्यूज़

बशीरहाट जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप, पांच माह की बच्ची की मौत

परिजनों का हंगामा, अस्पताल में तोड़फोड़ का भी आरोप डॉक्टरों और नर्सों के खिलाफ थाने में शिकायत

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट जिला अस्पताल में इलाज में कथित लापरवाही के कारण पांच माह की बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित परिजनों पर अस्पताल में तोड़फोड़ करने और दवाइयां फेंकने का भी आरोप लगा है। मृत बच्ची की पहचान हसनाबाद के खुराल निवासी रईसा परवीन (5 माह) के रूप में हुई है। घटना सोमवार सुबह की है।

सुबह चार बजे कराया गया था भर्ती

परिजनों के अनुसार, रईसा को तेज बुखार और सांस लेने में परेशानी होने के कारण सोमवार सुबह करीब चार बजे बशीरहाट जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का आरोप है कि बच्ची की हालत लगातार बिगड़ रही थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों ने समय पर उसका इलाज नहीं किया। परिजनों का दावा है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद चिकित्सा कर्मियों ने बच्ची की सुध नहीं ली। उनका आरोप है कि बच्ची की मौत के बाद डॉक्टर अस्पताल पहुंचे।

मौत के बाद अस्पताल में हंगामा और तोड़फोड़

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गये। इसके बाद अस्पताल परिसर में तनाव फैल गया। आरोप है कि गुस्से में परिजनों ने अस्पताल में टेबल-कुर्सियां तोड़ दीं और दवाइयां भी फेंक दीं। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर बशीरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी देर बाद अस्पताल परिसर में हालात सामान्य हुए।

डॉक्टरों और नर्सों के खिलाफ शिकायत

मृत बच्ची के मामा सोहेल राणा ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद नर्सें सो रही थीं और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी भांजी की मौत हो गई। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये। परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सों के खिलाफ बशीरहाट थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का कहना है कि वे इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष भी लिखित शिकायत करेंगे। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार चिकित्सा कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और अस्पतालों में बच्चों के इलाज की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इलाज के अभाव में इस तरह की त्रासदी का सामना नहीं करना पड़े। दूसरी ओर, बशीरहाट जिला अस्पताल के अधिकारियों ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया है। फिलहाल, बच्ची की मौत के वास्तविक कारण और इलाज में कथित लापरवाही की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

SCROLL FOR NEXT