टॉप न्यूज़

परीक्षा से एक दिन पहले आबादी में घुसा हाथी, मची अफरातफरी

वनकर्मियों ने जंगल की ओर खदेड़ा, हाथी प्रभावित इलाकों के परीक्षार्थियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

Khodija Khatun (Rabia)

नागराकाटा : सोमवार से उच्च माध्यमिक के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले रविवार सुबह नागराकाटा के आंगराभाषा-1 ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक माकना हाथी आबादी में घुस आया। अपर केलाबाड़ी बस्ती की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पर हाथी को घूमते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोग हाथी का वीडियो बनाने के लिए उसके पीछे दौड़ते भी नजर आए। हालांकि, किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही डायना और बिन्नागुड़ी रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और निगरानी शुरू की। बाद में हाथी को देवपाड़ा चाय बागान की सड़क किनारे स्थित लक्ष्मीपाड़ा के जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।

वन विभाग के अनुसार, रविवार तड़के आंगराभाषा-1 ग्राम पंचायत के हृदयपुर ठुकुरु लाइन प्राथमिक विद्यालय से सटे जंगल में छह हाथियों का झुंड देखा गया था। वनकर्मी मौके पर पहुंचे ही थे कि झुंड से एक माकना हाथी अलग होकर आबादी की ओर बढ़ गया। वह अपर केलाबाड़ी बस्ती से लगी सड़क पर पहुंच गया। हाथी को देखते ही आसपास के लोग जमा हो गए। वनकर्मियों ने काफी निगरानी के बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेज दिया। डुआर्स के जंगल से सटे इलाकों में इन दिनों हाथियों की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ी है। खेतों में लगी कच्ची धान की फसल को हाथियों के झुंड से नुकसान पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

इधर, सोमवार सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा को लेकर जंगल से सटे इलाकों के परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भी चिंता है। नागराकाटा, मेटेली और बानरहाट के अलावा क्रांति, राजगंज और मालबाजार के कई वन संलग्न इलाकों में हाथियों की आवाजाही रहती है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार परीक्षार्थियों के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। वन विभाग ने भी सुबह से परीक्षा समाप्त होने तक प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने की बात कही है। विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, अलग से एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, जबकि परिवहन विभाग आवश्यक स्थानों पर वाहनों की व्यवस्था करेगा।

SCROLL FOR NEXT