बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी क्षेत्र में काली पूजा के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस अमित कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों, वॉच टावरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी।
बताया जा रहा है कि नैहाटी के अरविंद रोड स्थित बड़ों मां की ख्याति अब पश्चिम बंगाल और देश की सीमाओं को पार कर विदेशों तक पहुंच चुकी है। बड़ी मां के अलावा अरविंद रोड की बेचा काली, रामू काली और गांजा काली के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके साथ ही गोपाल स्मृति संघ, लोहाघाट पार्क एसोसिएशन, देशबंधु पल्ली आमरा सभी क्लब, अक्षय स्मृति संघ और न्यू स्टार क्लब की काली पूजा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए गुरुवार शाम नैहाटी के ऐकतान प्रेक्षागृह में विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह, डीसी नॉर्थ असीम खान, एसडीओ यादव सूर्यभान अछलाल और विधायक सुमित्रा चट्टोपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस बैठक के बाद पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह ने नैहाटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों और सबवे का निरीक्षण किया। इन्हीं रास्तों से ट्रेन से उतरकर बड़ी मां के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन से लेकर पूजा स्थलों तक भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है।
निरीक्षण के बाद पुलिस आयुक्त ने कहा कि भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। पूरे इलाके में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। इसके अलावा वॉच टावर लगाए जाएंगे और ड्रोन के माध्यम से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि काली पूजा के दौरान नैहाटी में आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बड़ी मां सहित अन्य काली मंदिरों में दर्शन कर सकें तथा पूजा उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।