टॉप न्यूज़

नदिया में महुआ मोइत्रा की कार पर हमला, भाजपा समर्थकों पर आरोप

KD Parth

सांसद ने पत्थर, लाठी और अंडे फेंकने का लगाया आरोप

अभिषेक बनर्जी ने पुलिस की भूमिका पर उठाये सवाल

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि नदिया जिले के कालियागंज में भाजपा समर्थकों ने उनकी कार पर पत्थर, लाठियां और अंडे फेंके। घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस ने राज्य सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद सांसद की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गयी।

पहले ही पुलिस को दी थी सूचना

कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा के अनुसार, घटना गोबरा ग्राम पंचायत इलाके की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि करीब 80-90 भाजपा समर्थक उनके पहुंचने से पहले ही वहां जमा थे। प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी को घेरकर काले झंडे दिखाये और वापस जाओ के नारे लगाये। उन्होंने दावा किया कि संभावित हमले की जानकारी पहले ही पुलिस को दे दी गयी थी। मोइत्रा ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को धक्का दिया और उस पर लाठियों तथा अंडों से हमला किया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के बजाय उन्हें ही वहां से चले जाने को कहा। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर भाजपा समर्थकों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है।

अभिषेक ने उठाये अदालत के आदेश पर सवाल

घटना पर तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर सवाल उठाया कि क्या कलकत्ता उच्च न्यायालय अपने आदेशों की अवहेलना को लेकर राज्य सरकार और गृह विभाग के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई करेगा या यह कानून केवल विपक्ष पर लागू होता है।

पहले भी हो चुका है विरोध

गौरतलब है कि अगस्त में महुआ मोइत्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर उच्चतम न्यायालय का रुख किया था। उन्होंने आशंका जतायी थी कि पुलिस थाने में पेशी के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार हो सकता है। हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। सितंबर में भी उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, भाजपा के नदिया उत्तर संगठनात्मक जिले के मीडिया संयोजक संदीपन मजूमदार ने घटना को स्थानीय लोगों का स्वतःस्फूर्त विरोध बताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने महुआ की कथित टिप्पणियों और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति उनके व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया था। उनके अनुसार, सांसद पर बम नहीं फेंके गये, केवल अंडे फेंके गये।
SCROLL FOR NEXT