टॉप न्यूज़

दूसरे राज्य में मिला मोबाइल का लोकेशन, पुलिस के सामने कई सवाल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर साधी चुप्पी मौत के बाद अंजलि के नंबर से परिजनों को मिले थे संदेश अंजलि की संदिग्ध मौत का मामला

Krishna Das Parth

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बराहनगर में 26 वर्षीय अंजलि साव की संदिग्ध मौत के मामले में मोबाइल फोन का रहस्य पुलिस के लिए नई चुनौती बन गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंजलि के मोबाइल नंबर से भेजे गए संदेशों के आधार पर फोन की लोकेशन दूसरे राज्य में ट्रेस हुई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि युवती की मौत के बाद उसका मोबाइल कौन इस्तेमाल कर रहा है और फोन आखिर किसके कब्जे में है? जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि अंजलि की मौत के बाद उसके नंबर से परिजनों को संदेश कैसे भेजे गए। क्या मोबाइल किसी दूसरे व्यक्ति के पास है या परिवार को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है? पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इन पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पुलिस की चुप्पी

इस बीच, अंजलि के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार, उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह को लेकर क्या खुलासा हुआ है, पुलिस ने अब तक आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया है। मामले पर बराहनगर के विधायक सजल घोष ने भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि यह किसी भी तरह से आत्महत्या है।" उन्होंने घटना में किसी परिचित की संलिप्तता की आशंका जताते हुए दोषियों को सजा दिलाने के लिए अंत तक प्रयास करने की बात कही। गौरतलब है कि मंगलवार रात बराहनगर के लेकपल्ली इलाके में पांच मंजिला इमारत के बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने अंजलि का शव बरामद किया था। बताया जाता है कि फ्लैट उसके रिश्तेदारों का है। परिजनों से संपर्क नहीं होने पर पड़ोसियों की सूचना के आधार पर पुलिस वहां पहुंची थी। अब जांच का मुख्य केंद्र मोबाइल की लोकेशन, मौत के बाद भेजे गए संदेश और पोस्टमार्टम रिपोर्ट है। इन कड़ियों के खुलने से ही अंजलि की मौत की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT