सरकारी धन निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करने का आरोप
अदालत ने 10 दिनों की सीआईडी हिरासत में भेजा
सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट महकमा अंतर्गत टाकी नगरपालिका में कथित करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। नगरपालिका के पूर्व सेवानिवृत्त हेड क्लर्क प्रवीर चटर्जी को गुरुवार तड़के सीआईडी अधिकारियों ने उनके आवास से गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने नगरपालिका के सरकारी खजाने से लाखों रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे।
अदालत के निर्देश पर शुरू हुई थी जांच
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ही अदालत के निर्देश पर टाकी नगरपालिका में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच सीआईडी ने शुरू की थी। जांच के दौरान नगरपालिका के वित्तीय लेन-देन और विभिन्न दस्तावेजों की पड़ताल करते हुए प्रवीर चटर्जी की भूमिका सामने आई। इसके बाद सीआईडी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बशीरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसी ने मामले की तह तक पहुंचने और वित्तीय लेन-देन से जुड़े तथ्यों का पता लगाने के लिए उनकी हिरासत की मांग की। अदालत ने आरोपी को 10 दिनों की सीआईडी हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
ईडी और सीआईडी पहले भी कर चुकी है पूछताछ
जांच एजेंसी के अनुसार, प्रवीर चटर्जी काफी समय से अधिकारियों की निगरानी में थे। इससे पहले ईडी और सीआईडी के अधिकारी उनके आवास और टाकी नगरपालिका कार्यालय में उनसे कई बार लंबी पूछताछ कर चुके थे। बताया जाता है कि वर्ष 2024 में ईडी अधिकारियों ने टाकी नगरपालिका के चेयरमैन सोमनाथ चटर्जी और प्रवीर चटर्जी को आमने-सामने बैठाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की थी।
14 घंटे तक चली थी सीआईडी की जांच
इसके बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर गत 24 अक्टूबर को सीआईडी की टीम टाकी नगरपालिका पहुंची थी। वहां अधिकारियों और कर्मचारियों से करीब 14 घंटे तक पूछताछ की गई थी। इस दौरान नगरपालिका के वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच करने के बाद उन्हें अपने कब्जे में लिया गया था।
वित्तीय लेन-देन के अन्य पहलुओं की जांच
इसी जांच को आगे बढ़ाते हुए अब नगरपालिका के पूर्व हेड क्लर्क प्रवीर चटर्जी की गिरफ्तारी हुई है। सीआईडी अब कथित वित्तीय अनियमितताओं में उनकी भूमिका, सरकारी धन के निजी खाते में हस्तांतरण और इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की पड़ताल कर रही है।