सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित ध्वनि वाले पटाखों के इस्तेमाल और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर 24 परगना जिले के खड़दह थाना की पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 35 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तारक सिंह नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस प्रशासन को प्रतिबंधित ध्वनि वाले पटाखों के इस्तेमाल पर रोक लगाने और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने टाटा गेट इलाके में की छापेमारी
इसी अभियान के तहत खड़दह थाना की पुलिस ने टिटागढ़ के टाटा गेट इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने तारक सिंह के कब्जे से कथित तौर पर करीब 35 किलोग्राम प्रतिबंधित ध्वनि वाले पटाखे बरामद किए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध पटाखों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए पुलिस चला रही अभियान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और प्रतिबंधित पटाखों के इस्तेमाल को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारियों का प्रयास है कि बरामद पटाखों के स्रोत का पता लगाया जाए। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में आरोपी के अलावा अन्य लोग भी शामिल हैं या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।