टॉप न्यूज़

कौस्तव बागची को भाजपा नेता का मानहानि नोटिस

विजया दशमी की शुभकामना को लेकर बैरकपुर भाजपा में बढ़ा विवाद

Krishna Das Parth

सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : विजया दशमी की शुभकामना देने को लेकर बैरकपुर भाजपा में शुरू हुई अंदरूनी खींचतान अब कानूनी लड़ाई तक पहुंच गई है। भाजपा के मंडल नंबर-2 के महासचिव संजय यादव ने पार्टी विधायक कौस्तव बागची को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ अदालत में आपराधिक मुकदमा दायर किया जाएगा। दूसरी ओर, कौस्तव बागची ने इस पूरे विवाद के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की साजिश होने का आरोप लगाया है।

ऐसे शुरू हुआ विवाद

दरअसल, हाल ही में बैरकपुर नगरपालिका के पूर्व तृणमूल चेयरमैन उत्तम दास के दुर्गापूजा मंच पर मंत्री अर्जुन सिंह और स्थानीय भाजपा नेताओं की मौजूदगी को लेकर कौस्तव बागची ने नाराजगी जताई थी। उन्होंने मंच पर उत्तम दास के साथ भाजपा नेताओं की तस्वीरें दिखाते हुए चेतावनी दी थी कि यदि उत्तम दास को भाजपा में शामिल किया गया तो वह पार्टी के प्रदेश कार्यालय के सामने आग लगाकर आत्महत्या कर लेंगे। इस बयान के बाद पार्टी के भीतर गुटीय विवाद खुलकर सामने आ गया। इसके अगले ही दिन स्थानीय भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मिठाई लेकर उत्तम दास के घर पहुंचा और उन्हें विजया दशमी की शुभकामनाएं दीं। इसी घटनाक्रम के बाद पार्टी के स्थानीय नेताओं और विधायक के बीच विवाद और गहरा गया।

विधायक ने की मानहानि

संजय यादव का आरोप है कि उत्तम दास से शिष्टाचार मुलाकात करने को लेकर कौस्तव बागची ने उन्हें असामाजिक तत्व और अपराधी तक कह दिया था। इसी के विरोध में स्थानीय नेताओं ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक और उनके करीबी माने जाने वाले भाजपा बैरकपुर संगठनात्मक जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष विशाल जायसवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए। संजय यादव ने दावा किया कि विधायक के पार्टी में आने के बाद से बैरकपुर का माहौल खराब हो रहा है। संजय यादव ने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि इस संबंध में बैरकपुर पुलिस कमिश्नर और भाजपा के प्रदेश नेतृत्व को लिखित रूप से जानकारी दी गई है।

कौस्तव बोले—विवाद के पीछे कोई और है

दूसरी ओर, कौस्तव बागची ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति की पटकथा है। ऐसे लोगों को सामने आकर उनसे बात करनी चाहिए, जिसके बाद वह जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को पूरे मामले की जानकारी है। मानहानि नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि नोटिस भेजने वाले व्यक्ति को पहले उनके सामने दो लाइन पढ़कर सुनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस स्तर के लोगों के आरोपों पर वह फिलहाल कुछ नहीं कहना चाहते।

SCROLL FOR NEXT