टॉप न्यूज़

काली पूजा को लेकर विवाद, कांग्रेस नेता पर बाधा डालने का आरोप

मैदान में उतरे बीजपुर और नैहाटी के विधायक

Krishna Das Parth

बैरकपुर :

उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी के कारीगर पाड़ा में काली पूजा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि कांग्रेस की जूट यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद अमीन ने लंबे समय से बंद पड़ी काली पूजा को दोबारा शुरू करने की पहल में बाधा डालने की कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। मामले में बीजपुर और नैहाटी के विधायक भी सामने आए हैं। नैहाटी के विधायक ने दावा किया कि कारीगर पाड़ा में वर्ष 1966 से काली पूजा होती आ रही थी, लेकिन तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह पूजा बंद हो गई। अब नई सरकार के आने के बाद स्थानीय निवासियों ने एक बार फिर पूजा शुरू करने की पहल की है। हालांकि, स्थानीय लोगों और विधायक सुदीप्त दास का आरोप है कि कांग्रेस के ट्रेड यूनियन नेता मोहम्मद अमीन इस आयोजन में बाधा डाल रहे हैं।

इस मुद्दे पर विधायक सुदीप्त दास ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि पूजा में बाधा डालने की कोशिश करने वालों के पैर तोड़ दिए जाएंगे। उनके इस बयान से इलाके में विवाद और गहरा गया है। घटना के बाद से ही आरोपित कांग्रेस नेता के फरार होने का दावा किया जा रहा है।

वहीं, नैहाटी की विधायक सुमित्रा चट्टोपाध्याय ने कहा कि कारीगर पाड़ा में पहले काली पूजा होती थी और अब इसे फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा भी होगी, नमाज और ईद भी मनाई जाएगी। सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होंगे। यही बंगाल की संस्कृति और परंपरा है।

इधर, भाजपा के अल्पसंख्यक नेता अख्तर अली ने भी पूजा संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मौजूद रहकर पूजा संपन्न कराने में मदद करेंगे।फिलहाल, काली पूजा को लेकर शुरू हुआ यह विवाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

SCROLL FOR NEXT