सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में मतदाता सूची को लेकर आयोजित सर्वदलीय बैठक से निकलते समय ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के बैरकपुर सांगठनिक जिला सभापति अमित गुप्ता पर हमला किए जाने का आरोप लगा है। बुधवार को बैरकपुर एसडीओ कार्यालय के प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट के पास हुई इस घटना में उनके सिर और गर्दन के बीच पीछे की तरफ चोट लगी है। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में बैरकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मतदाता सूची को लेकर बैठक में उठाया सवाल
अमित गुप्ता के अनुसार, आगामी निकाय चुनाव से पहले मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर एसडीओ कार्यालय में दोपहर दो बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला स्तरीय प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में उन्होंने लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी की सूची में शामिल लाखों मतदाताओं का मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि यदि इनमें से 95 प्रतिशत मतदाता वैध हैं, तो उन्हें आगामी मतदाता सूची में शामिल करने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि वे मतदान के अधिकार से वंचित न हों।
चार हमलावरों पर मारपीट का आरोप
अमित गुप्ता का आरोप है कि बैठक समाप्त होने के बाद प्रशासनिक भवन से बाहर निकलते ही चार लोगों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सिर और गर्दन के ऊपरी हिस्से पर वार किया और मौके से फरार हो गए। उनके साथ मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन स्थिति को देखते हुए पहले उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका सीटी स्कैन समेत विभिन्न परीक्षण किए गए। फिलहाल उनका इलाज जारी है। अमित गुप्ता ने सवाल उठाया कि प्रशासनिक भवन जैसे सुरक्षित स्थान के बाहर यदि राजनीतिक प्रतिनिधि सुरक्षित नहीं हैं, तो आगामी निकाय चुनाव में निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल कैसे सुनिश्चित होगा? पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी और इस तरह के हमलों से उनका रास्ता नहीं रुकेगा।