टॉप न्यूज़

एम्बुलेंस का पेट्रोल खत्म, मरीज फंसा

ट्रैफिक पुलिस ने दिखाई तत्परता, दूसरी एंबुलेंस बुलाकर मरीज को समय पर पहुंचाया अस्पताल

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : सोमवार सुबह माटीगाड़ा के एक निजी अस्पताल से मरीज को लेकर सिलीगुड़ी जा रही एंबुलेंस का दार्जिलिंग मोड़ के पास अचानक पेट्रोल खत्म हो गया। मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे रुक गई। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर काफी देर से खड़ी एंबुलेंस पर पड़ी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक से पूरे मामले की जानकारी ली।

मरीज की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। कुछ ही देर में दूसरी एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जिसके बाद मरीज को उसमें स्थानांतरित कर अस्पताल के लिए रवाना किया गया। पुलिस की तत्परता के कारण मरीज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में ज्यादा देरी नहीं हुई।

घटना ने मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस की तैयारी और जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आपातकालीन सेवा में इस्तेमाल होने वाले वाहन का बीच रास्ते में पेट्रोल खत्म हो जाना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है। खासकर ऐसे मरीज, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा की जरूरत हो, उनके लिए कुछ मिनट की देरी भी परेशानी बढ़ा सकती है।

हालांकि, इस मामले में दार्जिलिंग मोड़ पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सक्रियता से स्थिति को संभाल लिया गया। पुलिसकर्मियों ने समय गंवाए बिना वैकल्पिक एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीज को आगे भेजा। घटना के बाद जरूरी चिकित्सा सेवा में लगे वाहनों की यात्रा से पहले ईंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT