जमीन लगातार धंसने के कारण मकानों के नदी में समा जाने का बना खतरा
धान और सब्जियों की फसल पर भी गहराया संकट
केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव में इछामती नदी के किनारे जमीन धंसने से दहशत फैल गई है। राय ब्रिज के नीचे नदी किनारे स्थित चार कंक्रीट के मकानों में दरारें पड़ गई हैं। जमीन लगातार धंसने के कारण मकानों के नदी में समा जाने का खतरा बना हुआ है। वहीं, बेमौसम बारिश से जिले में धान और सब्जियों की फसल पर भी संकट गहरा गया है। किसानों ने फसल नुकसान के आकलन के बाद सरकार से मुआवजे की मांग की है।बनगांव शहर से होकर गुजरने वाली इछामती नदी पर बने राय ब्रिज के नीचे कई परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। बताया जाता है कि नदी की जमीन पर कब्जा कर यहां कंक्रीट के मकान बनाए गए हैं। यह जमीन विद्याधरी डिवीजन के अधीन है। गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के बाद नदी किनारे अचानक मिट्टी धंसने लगी। इससे चार मकान प्रभावित हुए हैं। घरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। वहीं, पेयजल का नल भी जमीन धंसने से नदी के काफी करीब पहुंच गया है। शुक्रवार सुबह स्थिति देखने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
नगरपालिका या सरकार हमारी मदद करे
प्रभावित मकान की निवासी यमुनाबाला दास ने कहा, “हम गरीब लोग हैं। सुबह से ही देखा कि घर की जमीन धंस गई है और दीवार में दरार पड़ गई है। नगरपालिका या सरकार हमारी थोड़ी मदद करे।” बनगांव नगरपालिका के चेयरमैन दिलीप मजूमदार ने बताया कि नगरपालिका के 5, 6 और 16 नंबर वार्ड में इछामती नदी के किनारे कुछ लोग लंबे समय से रह रहे हैं। जमीन विद्याधरी डिवीजन के अधीन होने के कारण नगरपालिका की सीधी जिम्मेदारी नहीं है। हालांकि, बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर नदी किनारे शाल के खंभे लगाकर कटाव रोकने का प्रयास किया जाएगा।
धान के खेतों में पानी भरने से गिरने लगे हैं पौधे
दूसरी ओर, लगातार बारिश से जिले के सुंदरबन क्षेत्र में धान और सब्जियों की खेती को भारी नुकसान होने की आशंका है। हिंगलगंज, संदेशखाली और मिनाखां सहित विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को भी भारी बारिश हुई। बसीरहाट महकमा क्षेत्र में चुकंदर, गाजर, बीन्स, मूली, फूलगोभी, पत्तागोभी, मटर और बैंगन की फसलें खेतों में खराब होने की आशंका है। वहीं, पक चुके अमन धान के खेतों में पानी भरने से पौधे गिरने लगे हैं। किसानों का कहना है कि बारिश जारी रही तो उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो सकती है। सुंदरबन क्षेत्र के हजारों किसानों ने सरकार से फसल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।