नयी दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा और दावा किया कि उन्हें या तो स्मृतिलोप हैं या फिर सच को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।
चिदंबरम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि शाह का यह दावा सही नहीं है कि कांग्रेस लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने के वादे को लागू होने से रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही पारित होकर कानून बन चुका है। विधेयक को संसद के दोनों सदनों ने 20 और 21 सितंबर 2023 को पारित किया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस ने विधेयक पारित कराने का पूरा समर्थन किया था और इस अधिनियम को तत्काल लागू करने की मांग करती रही है।’ चिदंबरम ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि वह महिला आरक्षण अधिनियम को लागू क्यों नहीं कर रही है? उन्होंने यह भी पूछा, ‘ऐसे में एक नए विधेयक की क्या जरूरत है?’
कांग्रेस नेता ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि संविधान के 106वें संशोधन के जरिये अनुच्छेद 334ए जोड़ा गया था, जिसके तहत महिला आरक्षण को अगली जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ दिया गया। उन्होंने कहा, ‘संसद में हुई चर्चा को पढ़िए। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने अनुच्छेद 334ए को शामिल किए जाने का विरोध किया था, जिसने अनावश्यक रूप से 2 अड़चनें पैदा कर दीं, जनगणना और उसके बाद परिसीमन।’
चिदंबरम ने आरोप लगाया कि भाजपा अनुच्छेद 334ए को शामिल करने पर अड़ी हुई थी और उसने ऐसा दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया। उनका कहना है कि विधेयक अनुच्छेद 334ए सहित पारित हुआ और कानून बन गया।
चिदंबरम के मुताबिक, भाजपा को अब केवल अनुच्छेद 334ए को हटाने का प्रस्ताव लाना है। उन्होंने कहा, ‘एक बार अनुच्छेद 334ए हटा दिया जाता है तो महिला आरक्षण तत्काल लागू किया जा सकता है।’