सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर : उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर में 26 वर्षीय अंजली साव की रहस्यमय मौत के मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी धर्मवीर को दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार कर लिया है। बरानगर थाने की विशेष टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उसे शुक्रवार को ट्रांजिट रिमांड पर राज्य लाया जा सकता है। बैरकपुर के डीसीपी (दक्षिण) कुंतल बंद्योपाध्याय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद ही मामले में और जानकारी सामने आएगी।
PUBG गेम के दौरान हुई थी दोस्ती
पुलिस की शुरुआती जांच में PUBG गेम खेलने को लेकर दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है। अंजली के पिता के मुताबिक, धर्मवीर उनकी बेटी का दोस्त था और उसे बहन कहकर बुलाता था। दोनों की मुलाकात ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान हुई थी। अंजली गेम में 'निक राजपूत' नाम के खिलाड़ी के संपर्क में थी, जिसके धर्मवीर होने का संदेह है। हालांकि, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
फ्लैट में मौजूदगी का उठ रहा सवाल
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि अंजली की हत्या के वक्त धर्मवीर फ्लैट में ही मौजूद था। संभवतः इसी वजह से वारदात के बाद वह बेफिक्र होकर वहां से निकलने में सफल रहा। 10 नवंबर की रात शीतलामाता लेन स्थित पांचवीं मंजिल के फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंजली का शव बरामद किया गया था। उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले थे। शुरुआत में आत्महत्या की आशंका जताई गई, लेकिन शरीर पर चोट के निशान और कीमती सामान गायब मिलने से हत्या का संदेह गहरा गया।
मोबाइल से भेजे गए थे रहस्यमय संदेश
वारदात के बाद अंजली का मोबाइल फोन फ्लैट से गायब मिला। परिजनों के मुताबिक, फोन पर 'हाय' संदेश भेजने पर जवाब आया था, 'जो भी जानना या पूछना है, पूछोगी तो जवाब मिलेगा।' इसके बाद एक अन्य संदेश में लिखा था, 'मैं तुम्हारे बीच में हूं, लेकिन तुम मुझे पकड़ नहीं पाओगे।' फिर फोन बंद हो गया। पुलिस का मानना है कि आरोपी लोकेशन बदलने के लिए मोबाइल को बार-बार चालू और बंद कर रहा था। अब उससे पूछताछ में हत्या की वजह और इन संदेशों के पीछे की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।