टॉप न्यूज़

जेप्टो का बड़ा कदम: ‘पे लेटर’ फीचर लॉन्च, बिना OTP के भुगतान

15 दिन का ब्याज-मुक्त क्रेडिट, ताजा सब्जियों की असली तस्वीरें और ऑर्डर एडिट की सुविधा

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto ने मंगलवार को अपने ऐप में कई नई सुविधाएं लॉन्च कर ग्राहकों के खरीदारी अनुभव को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने ‘पे लेटर’ (बाद में भुगतान) सुविधा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहक बिना तत्काल भुगतान किए सामान मंगा सकेंगे।

इस नई सुविधा के जरिए यूजर्स को 15 दिन का ब्याज-मुक्त क्रेडिट मिलेगा। यानी ग्राहक आज ऑर्डर कर सकते हैं और उसका भुगतान 15 दिन बाद कर सकते हैं। कंपनी के अनुसार, यह फीचर खासतौर पर छोटे और बार-बार होने वाले ऑर्डर को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे रोजमर्रा की खरीदारी ज्यादा सुविधाजनक हो सके।

खास बात यह है कि ‘पे लेटर’ के तहत भुगतान करते समय किसी ओटीपी की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे चेकआउट प्रक्रिया तेज और सहज बनेगी। Zepto ने बताया कि इस सुविधा के जरिए ग्राहकों को 10,000 रुपये तक की तत्काल क्रेडिट सीमा उपलब्ध कराई जा रही है।

कंपनी अब केवल ‘10 मिनट में डिलीवरी’ के अपने शुरुआती मॉडल से आगे बढ़कर ग्राहकों की बदलती जरूरतों और भरोसे पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसी कड़ी में एक और अहम फीचर जोड़ा गया है, जिसके तहत ग्राहक अब सब्जियों और फलों की सिर्फ कैटलॉग तस्वीरें नहीं, बल्कि अपने नजदीकी स्टोर में उपलब्ध ताजा उत्पादों की वास्तविक तस्वीरें देख सकेंगे। इससे ऑनलाइन ग्रॉसरी खरीदारी में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ने की उम्मीद है।

इसके अलावा, Zepto ने ऑर्डर एडिट करने की सुविधा भी शुरू की है। अब ग्राहक ऑर्डर देने के बाद कुछ समय तक उसमें नए आइटम जोड़ सकेंगे, जिससे अक्सर भूल जाने वाली चीजों की समस्या का समाधान हो सकेगा। कंपनी का कहना है कि अब प्रतिस्पर्धा केवल तेज डिलीवरी तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि ग्राहकों को एक स्मार्ट, भरोसेमंद और सुविधाजनक शॉपिंग अनुभव देना भी उतना ही जरूरी हो गया है। इन नए फीचर्स के साथ Zepto ने बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की कोशिश की है।

SCROLL FOR NEXT