टॉप न्यूज़

युगे युगीन भारत संग्रहालय में भीड़ प्रबंधन के लिए होगी तकनीकी व्यवस्था

तैयारियां जोरों पर

Kamlesh Pandey

नयी दिल्ली : केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि प्रस्तावित ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यहां ऐतिहासिक नॉर्थ ब्लॉक के जीर्णोद्धार का काम तेजी से चल रहा है।

विवेक अग्रवाल ने संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नॉर्थ ब्लॉक का दौरा कर वहां चल रहे निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 20वीं सदी की शुरुआत में बने इस भवन को कार्यालय के बजाय सांस्कृतिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इमारत में समय के साथ किए गए बदलावों को हटाकर प्रदर्शनी के लिए जगह तैयार की जा रही है।

सरकार के अनुसार, संग्रहालय परियोजना को 2031 तक चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। नॉर्थ ब्लॉक में ‘अलंकरण’ विषय पर आधारित पहली दीर्घा 2027 के उत्तरार्ध में आम लोगों के लिए खुलने की उम्मीद है। दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय बताए जा रहे इस परिसर में आठ थीम आधारित खंड होंगे, जिनमें पांच हजार साल से अधिक के भारत के इतिहास को दर्शाया जाएगा। अग्रवाल ने बताया कि इमारत की संरचना को मजबूत करने और उसकी उम्र बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है। विशेषज्ञों की मदद से भवन का सर्वेक्षण किया गया है। जहां भी छत से पानी का रिसाव या अन्य खामियां मिली हैं, उन्हें ठीक किया जा रहा है, छत पर जमी बिटुमेन की परत हटाई जा रही है और जरूरत के अनुसार छतों की मरम्मत की जा रही है। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में तापमान, कीट और नमी नियंत्रण के साथ एकीकृत भवन प्रबंधन तथा सुरक्षा प्रणाली होगी। संग्रहालय के आंगन और गलियारों को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया जाएगा। आंगनों के ऊपर बड़े कांच के गुंबद लगाए जाएंगे, जिन्हें इस तरह बनाया जाएगा कि उनका भार मौजूदा ऐतिहासिक इमारत पर नहीं पड़े।

विवेक अग्रवाल ने कहा कि संग्रहालय के डिजाइन और निर्माण के विभिन्न पहलुओं पर भारत और विदेश के विशेषज्ञ काम कर रहे हैं। फ्रांस की एक एजेंसी ने पहले व्यवहार्यता अध्ययन का काम पूरा किया था। अब विभिन्न देशों के विशेषज्ञ संग्रहालय के डिजाइन, तकनीक, सामग्री, रोशनी और प्रदर्शनी की व्यवस्था पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक और सीसीटीवी कैमरों के जरिए लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। किसी हिस्से में भीड़ बढ़ने पर नियंत्रण कक्ष से स्वचालित तरीके से भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा। सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और प्रदर्शित वस्तुओं की सुरक्षा के लिए तकनीक आधारित ऐसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिसमें मानवीय हस्तक्षेप कम से कम हो।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 11 नवंबर को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने रायसीना हिल स्थित नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक में संग्रहालय विकसित करने की मंजूरी दी थी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 3,230 करोड़ रुपये है। अग्रवाल ने बताया कि संग्रहालय के पहले चरण में कैफेटेरिया, क्यूरियो शॉप और स्मृति चिह्नों की दुकान भी होगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए नॉर्थ ब्लॉक के पिछले हिस्से और गुरुद्वारा रकाबगंज के पास एक मेट्रो स्टेशन बनाने की भी योजना है।

SCROLL FOR NEXT